बिहार में महागठबंधन की सीटों पर हुआ फैसला, किसके हिस्से में कितनी सीटें? जानिए गणित - Arrah City | Arrah Bhojpur Bihar News

Post Top Ad

बिहार में महागठबंधन की सीटों पर हुआ फैसला, किसके हिस्से में कितनी सीटें? जानिए गणित

बिहार में महागठबंधन की सीटों पर हुआ फैसला, किसके हिस्से में कितनी सीटें? जानिए गणित

Share This

बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर शुक्रवार को एलान हो गया। राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस रालोसपा, हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम), विकासशील इंसान पार्टी के बीच सीट शेयरिंग का आंकड़ा सामने आ चुका है। राजद नेता मनोज झा और अन्य दलों के नेताओं की मौजूदगी में इसका एलान किया गया। चार उम्मीदवारों के नाम का एलान भी किया गया, लेकिन अब बाकी उम्मीदवारों के नामों का इंतजार है।

सीटों के बंटवारे के साथ ही पहले चरण के लिए होने वाले मतदान को लेकर घटक दलों के प्रत्याशियों के नामों की भी घोषणा कर दी गई है। गया से जीतनराम मांझी, औरंगाबाद से उपेंद्र प्रसाद, जमुई सीट से भूदेव चौधरी को टिकट दिया गया है।

जानिए किस पार्टी को मिली कितनी सीट


राष्ट्रीय जनता दल - 20 सीटें

बिहार में कुल 40 लोकसभा सीटों में से राजद सबसे ज्यादा 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राजद को 20 सीटें मिली हैं। लालू यादव की पार्टी अपने कोटे से सीपीआई-एमएल को एक सीट देगी। कयास हैं कि उसके हिस्से में आरा की सीट आ सकती है। 2014 चुनाव में राजद ने 4 सीटें जीती थीं। 


कांग्रेस - 9 सीटें 

समझौते के तहत इस बार कांग्रेस के हिस्से में नौ लोकसभा सीटें आई हैं। लंबी बातचीत के बाद इन दो प्रमुख दलों के बीच सीटों पर सहमति बनी है। 2014 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने दो सीटें जीती थीं।


रालोसपा - 5 सीटें 
इस पार्टी को महागठबंधन में पांच सीटें मिली हैं। पार्टी के लिहाज से इसे अच्छी संख्या कहा जा सकता है। हाल ही में रालोसपा एनडीए में शामिल थी। लेकिन सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर पार्टी ने महागठबंधन का हाथ थाम लिया। पार्टी सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा केंद्र सरकार में राज्य मंत्री भी रहे। लेकिन बात इतनी बिगड़ी कि वह एनडीए और भाजपा से पूरी तरह जुदा हो गए। 2014 में रालोसपा को तीन सीटें मिली थीं।


वीआईपी और हम- तीन-तीन सीटें
महागठबंधन में शामिल विकासशील इंसान पार्टी और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को तीन-तीन सीटें दी गई हैं। हम के अध्यक्ष जीतनराम मांझी गया सीट से चुनाव लड़ेंगे। 


शरद यादव भी लडे़ंगे चुनाव 
पूर्व जेडीयू नेता शरद यादव राजद के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे। बताया जा रहा है कि उनकी पार्टी का विलय भी जल्द राजद में हो जाएगा। बताया जा रहा है कि उनकी पार्टी का एक और उम्मीदवार भी लालटेन चुनाव चिन्ह पर मैदान पर उतरेगा।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Our Social Media Links