मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में रविवार को तीसरी बार फेरबदल हुआ। इसमें कम से कम नौ नए चेहरे शामिल हुए। इनमें बक्सर से भाजपा सांसद अश्विनी चौबे और आरा से भाजपा सांसद आरके सिंह भी शामिल हैं अश्विनी चौबे बक्सर से सांसद हैं और उन्हें आज कैबिनेट में जगह मिल गई। वे पहली बार कैबिनेट के मंत्री बने हैं। आरके सिंह ने भी आज राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
आरा के सांसद आरके सिंह रहे हैं दमदार आईएएस
सांसद आरके सिंह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने की सूचना से ही सुपौल व भोजपुर में जश्न मनने लगा। केंद्रीय गृह सचिव के रूप में ख्याति पाने वाले आरके सिंह देश के दमदार आईएएस माने जाते रहे हैं। मूल रूप से सुपौल जिले के बसबिट्टी गांव निवासी आरके सिंह को 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने आरा से टिकट दिया। सिंह की ससुराल भोजपुर के बड़हरा ब्लॉक के गजियापुर में है। अपनी बेहतर प्रशासनिक क्षमता और सांसद के रूप में बेहतर कार्य करने के चलते उन्हें मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। भाजपा के जिला महामंत्री इंजीनियर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मंत्री बनने के बाद भोजपुर का विकास करेंगे।
राजकुमार सिंह
- आरा से सांसद, 16वीं लोकसभा के लिए चयन
- संसदीय कमेटी के सदस्य
- 1975 बैच के आईएएस, बिहार कैडर में रहे
- देश के गृह सचिव भी रहे
- पुलिस बलों के आधुनिकीकरण में योगदान
भागलपुर से बक्सर तक खुशी, बंटीं मिठाइयां
भागलपुर से पांच बार एमएलए रहे बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे केंद्र में मंत्री बनने जा रहे हैं। यह सूचना मिलते ही भागलपुर से बक्सर तक में खुशी छा गयी। भागलपुर से 1995 में जनता दल के केदारनाथ यादव को हराकर पहली बार विधानसभा में पहुंचे। लगातार 2013 तक पांच बार भागलपुर से विधायक चुने गये। सबसे पहले 2005 में नीतीश के एनडीए सरकार में नगर विकास मंत्री बने। उसके बाद स्वास्थ्य और पीएचईडी मंत्री बने। वर्तमान में वे बक्सर के सांसद हैं। चौबे केदारनाथ हादसे के समय काफी चर्चे में रहे जब वे और उनका परिवार त्रासदी में बाल-बाल बचा था। हादसे में उनके कई करीबियों की मौत हो गई थी।
जेपी आंदोलन में शामिल थे
1977 में पटना विवि छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में उनके राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत हुई। जेपी आंदोलन में वे 23 महीने जेल में रहे। उस आंदोलन में पटना पुलिस की इतनी लाठियां उनपर बरसी थीं कि वे महीनों अस्पताल में भर्ती रहे। 1979 के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में आए। 1981 में भाजपा में आए। पहले भाजयुमो में काम किया। भाजपा के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में करीब दस सालों तक काम किया। बिहार- झारखंड से नरेन्द्र मोदी मंत्रिमंडल के ब्राह्मण चेहरा होंगे। चौबे आरएसएस से जुड़े हैं।
अश्विनी कुमार चौबे
- बक्सर से सांसद
- मई 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए चुने गए
- 1995 से 2014 तक पांच बार विधायक रहे
- बिहार सरकार में कई विभागों के मंत्री रहे
- कई कमेटियों के सदस्य रहे
- छात्र आंदोलनों में सक्रिय रहे, जेपी आंदोलन में भी हिस्सा लिया
No comments:
Post a Comment