पटना.जदयू के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- कभी-कभी मुझे लगता है कि मैं सच में बेवकूफ हूं। कैसे-कैसे लोगों पर भरोसा कर लेता हूं? हमारा एक सदस्य भाजपा के वोट से दो बार राज्यसभा तक पहुंचा, लेकिन आज मुझे ही उपदेश दे रहा है। वर्ष 2004 में लोकसभा का चुनाव हारने के बाद मैंने जार्ज फर्नांडीस से कहकर शरद यादव को राज्यसभा भिजवाया। उनके लिए क्या नहीं किया? लेकिन, वे किसके पीछे घूम रहे हैं? वह शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक में खुले सत्र को संबोधित कर रहे थे।
ऐसी त्रासदी नहीं देखी
नीतीश ने कहा- बिहार के 17 जिले बाढ़ग्रस्त हैं। हमने ऐसी त्रासदी कभी नहीं देखी थी। लाखों लोग पीड़ित हैं। अबतक 153 लोगों की मौत हो चुकी है। इस आपदा की घड़ी में सरकार पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बाढ़पीड़ितों के लिए सरकारी खजाना खुला हुआ है। केंद्र सरकार से मदद की बात तो बाद में है, पहले राज्य सरकार के कोष से हर संभव मदद की जाएगी। आपदा की इस घड़ी में केंद्र ने हमारे आग्रह पर तत्काल मदद की। हम उनको धन्यवाद देते हैं।
कैसे-कैसे धंधेबाज हैं?
सीएम ने कहा कि भागलपुर का मामला सामने आया है। तरह-तरह के धंधेबाज हैं। सरकारी खजाने का पैसा कहां भेजा जा रहा था? 8 अगस्त की शाम में मुझे मेरे कार्यालय के लोगों ने बताया कि भागलपुर में सरकारी खाते से फर्जी तरीके से धन निकालकर एक सोसायटी के खाते में डाला जा रहा है। मैंने तुरंत इसकी जांच का आदेश दिया। डीएम की चेक बुक धंधेबाजों के पास चली जाती थी। सरकारी खाते में पैसा है और चेक बाउंस कर जा रहा है। जो लोग सीबीआई पर सवाल उठाते थे, वही सीबीआई जांच की मांग करने लगे। मैंने इसकी सिफारिश कर दी है।
चार साल पहले और आज …
6 जून 2013, समय : 2 बजे, स्थान : सीएम हाउस (पटना)
- राजग से अलग होने का ऐलान करते हुए शरद यादव ने कहा था- अब जो नया दौर चला है, जो कई तरह के राजनीतिक उतार-चढ़ाव आए हैं, उसमें जदयू की लगातार कोशिश रही कि एनडीए के नेशनल एजेंडे के दायरे में चलें, लेकिन छह-सात महीनों से जिस तेजी से जो घटनाएं हुई हैं, उससे जदयू का गठबंधन में बने रहना मुश्किल हो गया था। हमने फैसला किया है अब उनका रास्ता और हमारा रास्ता अलग है। जदयू गठबंधन से बाहर हो गया है। साथ चलने से न तो उनके लाभ होगा और न हमारी पार्टी के लिए यह हितकारी होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था- गठबंधन सरकार में शामिल भाजपा के 11 मंत्रियों के असहयोगात्मक रवैए के कारण हमने राज्यपाल से उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की सिफारिश की। वे कई दिन से अपने दफ्तर भी नहीं आ रहे थे।
सुशील मोदी ने कहा...
नरेंद्र मोदी को चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन बनाना, पार्टी का अंदरूनी फैसला है। भाजपा इससे पीछे नहीं हटेगी। चाहे इसके लिए गठबंधन कितनी ही बार टूट जाए।
9 अगस्त 2017, समय : 3 बजे, स्थान : जदयू कार्यालय (पटना)
- जदयू के राजग में शामिल होने की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के फैसले की जानकारी देते जदयू के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने कहा- हमने भाजपा अध्यक्ष द्वारा राजग में शामिल होने के निमंत्रण का स्वागत किया और इसे स्वीकार किया। …राजग का हिस्सा रहते हुए जदयू बिहार समेत अन्य राज्यों में पार्टी संगठन को ग्रास रूट तक मजबूत करने का काम करेगा। 27 वर्षों बाद नई दिल्ली और पटना में एक ही राजनीतिक समीकरण की सरकार है। इससे निश्चित तौर पर बिहार के लोगों को लाभ मिलेगा।
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बोले- जदयू के राजग में शामिल होने के निर्णय का मैं स्वागत करता हूं। इससे न सिर्फ राजग और मजबूत होगा, बल्कि बिहार में भी विकास और प्रगति के एक नए युग की शुरुआत होगी। शरद यादव ने कहा...
जदयू हमारी बनाई हुई पार्टी है। आज मुझे ही मेरे घर (जदयू) से बेघर किया जा रहा है। बिहार में गठबंधन कायम है। अपने फायदे में इसे तोड़ने वालों ने जनादेश का अपमान किया है।
No comments:
Post a Comment